वाराणसी। धनतेरस और दीपावली पर्व के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शनिवार को बाइक से शहर की सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नदेसर, मिंट हाउस चौराहा, एयर फोर्स चौराहा, राजाबाजार, धौसाबाद मार्केट, लहुराबीर, मलदहिया, चेतगंज और चौकाघाट सहित शहर के प्रमुख बाजारों का भ्रमण किया और मौके पर मौजूद पुलिस बल को सतर्क दृष्टि रखने तथा समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस आयुक्त ने सर्राफा बाजारों और प्रतिष्ठानों पर खरीदारी कर रहे नागरिकों से संवाद कर त्यौहार की शुभकामनाएं दीं तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने संबंधित थाना, ट्रैफिक और अग्निशमन अधिकारियों को सघन पैदल गश्त बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क उपस्थिति बनाए रखने और फायर सेफ्टी व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा के मद्देनज़र “मिशन शक्ति टीमों” को बाजारों में सक्रिय गश्त करने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि “नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम चाहते हैं कि आम जनमानस बिना किसी भय या असुविधा के सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण वातावरण में दीपावली का पर्व मनाएं।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से दूर रहें।

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज