बालिका दिवस पर बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प

पिंडरा। बालिका दिवस के अवसर पर Janmitra Nyas के तत्वावधान में पिंडरा की मीराशाह फ़कीर बस्ती एवं श्रीमती स्वराजी देवी बालिका इंटर कॉलेज, पिंडरा में बालिकाओं के साथ एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने का संदेश देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं और ग्रामीणों के साथ बाल अधिकारों, बाल विवाह के दुष्प्रभावों तथा महिला व बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह न केवल बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि यह एक गंभीर सामाजिक अपराध भी है। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को “बाल विवाह मुक्त भारत” का संकल्प दिलाया गया।

जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत पिंडरा की मीराशाह फ़कीर बस्ती से मीराशाह चौराहा तक बैनर-तख्ती रैली निकाली गई। रैली के दौरान “बाल विवाह नहीं करेंगे, बेटियों को आगे बढ़ने देंगे” और “बेटी है तो कल है” जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। रैली में शामिल बालिकाओं और ग्रामीणों ने बाल विवाह न करने की शपथ दोहराई।

जनमित्र न्यास द्वारा Child Rights and You (CRY) के सहयोग से क्षेत्र में लगातार बालक-बालिकाओं के समूह बनाकर जीवन-कौशल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से बच्चों में निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल तथा अपने अधिकारों की पहचान विकसित की जा रही है, जिससे वे सुरक्षित और सशक्त भविष्य की ओर बढ़ सकें।

कार्यक्रम में गीता मौर्या, विनोद कुमार, संजय राजभर सहित बड़ी संख्या में बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी रही। वक्ताओं ने बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, आत्मनिर्भर बनाने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

जनमित्र न्यास द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।

About The Author

Share the News