कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, 2 मोबाइल फोन, पिकअप टाटा योद्धा एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद
पिंडरा।
फूलपुर पुलिस ने सोमवार को भोर में असलहे के साथ गौ तस्कर को हल्की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश को पैर में गोली लगी है। इलाज के लिए पीएचसी पिंडरा में भर्ती कराया गया।
एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने बताया फूलपुर पुलिस द्वारा कावड़ यात्रा व श्रावण मेला को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत थाना क्षेत्र में गश्त पर इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह थे। तभी मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि दो संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से कैथोली मोड़ के पास घूम रहे हैं और उनके पास अवैध असलहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो कैथोली मोड़ पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे, जिन्हें मुखबिर ने पहचानते हुए संकेत किया। पुलिस को देखकर दोनों हाईवे के रास्ते जौनपुर की ओर भागने लगे।
पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर पीछा किया। नथईपुर चौराहे के पास चेकिंग के दौरान दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से गिर पड़े। इस पर एक अभियुक्त ने पुलिस को ललकारते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें एक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त की पहचान अजय गुप्ता पुत्र बाबूलाल गुप्ता, निवासी मैनपुर, थाना बबूरी, जनपद चंदौली के रूप में हुई। उसे तत्काल उपचार हेतु पीएचसी पिंडरा भेजा गया।
मौके से दूसरा अभियुक्त शिवपूजन गुप्ता पुत्र राजेन्द्र गुप्ता, निवासी डमरीकला, थाना बबूरी, जनपद चंदौली को गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से
एक अवैध तमंचा 12 बोर, एक खोखा कारतूस 12 बोर, तस्करी में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक पिकअप वाहन (टाटा योद्धा) संख्या UP36T2930, 01 पल्सर मोटरसाइकिल को बरामद किया।
पूछताछ के दौरान
अभियुक्त अजय गुप्ता ने बताया कि मोटरसाइकिल उसके दोस्त सोनू की है, जिसे वह चलाने के लिए लाया था। कड़ाई से पूछताछ पर उसने बताया कि गोविन्द सिंह, निवासी दरौली दुर्गावती, थाना कैमूर, जिला भभुआ (बिहार) ने उसे फोन कर सूचना दी थी कि उसकी पिकअप वाहन, जो गौ-तस्करी में प्रयुक्त होती है, कुआर बाजार, में छिपाकर खड़ी है। उसने वाहन की जीपीएस लोकेशन भेजकर रामनगर टेंगरा मोड़ ले जाकर खड़ा करने का निर्देश दिया।
अजय गुप्ता ने अपने साथी शिवपूजन गुप्ता को साथ लिया और मौके पर पहुँचकर वाहन ले जाने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस की घेराबंदी होती देख अजय गुप्ता ने शिवपूजन के ललकारने पर पुलिस पर फायरिंग की। शिवपूजन गुप्ता से पूछताछ में उसने अजय के कहने पर उसके साथ आने की बात स्वीकार की।
दोनों अभियुक्त एक सक्रिय गौ-तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में थाना बड़ागांव क्षेत्र में गौ-तस्करों से मुठभेड़ के दौरान एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ था, जिसका सरगना गोविन्द सिंह है। वह बिहार निवासी है और बनारस, आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली आदि जनपदों में संगठित रूप से गौ-तस्करी कराता है। फूलपुर मुठभेड़ में गिरफ्तार दोनों अभियुक्त भी इसी गिरोह से संबद्ध पाए गए हैं।
गिरफ्तार अजय गुप्ता के विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना फूलपुर में धारा 109(1) बीएनएस, 3/25/27 आर्म्स एक्ट एवं 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज