दीपोत्सव और त्योहारी सीजन के मद्देनज़र पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने मां अन्नपूर्णा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और सुदृढ़ पुलिस प्रबंधन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने महंत शंकरपुरी महाराज से भेंट कर मंदिर परिसर की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने मंदिर क्षेत्र का भ्रमण कर बैरिकेडिंग, पार्किंग और प्रवेश-निकास मार्गों की स्थिति का गहन अवलोकन किया।
अग्रवाल ने ड्यूटी प्वाइंट्स का निरीक्षण करते हुए तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने, एकल मार्ग पर सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती और इंटेलिजेंस यूनिट को सक्रिय रखकर संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
पुलिस आयुक्त ने स्थानीय व्यापारियों से संवाद करते हुए दुकानों और सर्राफा प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया, ताकि मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन सरवणन टी., संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
यह निरीक्षण त्योहारी भीड़ के दौरान सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को सुनिश्चित करने की दिशा में पुलिस प्रशासन की तत्परता और सजगता का उदाहरण प्रस्तुत करता है।

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज