पिंडरा।
बाबतपुर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के तहत रनवे विस्तार के लिए फोरलेन सड़क को अंडरग्राउंड करने हेतु बनाई जा रही टनल की खुदाई के दौरान सोमवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खुदाई कार्य के चलते अचानक एक दो मंजिला मकान भरभरा कर गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर (फूलपुर) निवासी नारायण पटेल का मकान नेशनल हाईवे से सटा हुआ है। मकान के पीछे वाले हिस्से का मुआवजा पहले ही मिल चुका था, जहां तक टनल की खुदाई का कार्य चल रहा था। वहीं मकान के शेष हिस्से का न तो सर्वे हुआ था और न ही मुआवजा दिया गया था।
बताया गया कि सोमवार को मकान से सटकर जेसीबी द्वारा मिट्टी की खुदाई कर दी गई थी, जिस पर मकान मालिक ने आपत्ति भी जताई थी। हालांकि, कार्य में लगे लोगों ने किसी भी तरह के खतरे से इनकार किया। लेकिन सोमवार की शाम करीब 7 बजे अचानक तेज आवाज के साथ मकान गिरने लगा। आवाज सुनते ही घर के लोग बाहर की ओर भागे, जिसके कुछ ही क्षण बाद पूरा दो मंजिला मकान टनल की खुदाई वाले गड्ढे में समा गया।
सौभाग्यवश इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान में रखा पूरा घरेलू सामान मलबे में दब गया। पीड़ित नारायण पटेल ने बताया कि उन्हें करीब 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी से शिकायत कर उचित मुआवजे और कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।
घटना के बाद निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज