पिंडरा तहसील क्षेत्र के असवारी मुसहर बस्ती, में चाइल्ड राइट एण्ड यू के सहयोग से जनमित्र न्यास के तत्वावधान में 4 अगस्त 2025 को स्तनपान सप्ताह अभियान का शुभारंभ किया गया। स्तन पान सप्ताह के दौरान यह अभियान बरहीकला मुसहर बस्ती और अनेई मुसहर बस्ती में भी आयोजित हुआ था ।आज के कार्यक्रम में एएनएम डाली और जूली पटेल, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री रंजना सिंह, प्रतिमा सिंह और ललिता देवी, आशा कार्यकर्ता सुधा और रीता विश्वकर्मा ने भाग लिया। यह केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं रहा बल्कि सामुदायिक सहयोग और समझ का प्रतीक बना। अभियान का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना और समुदाय को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को स्तनपान के महत्व, सही तकनीक और पोषण संबंधी जानकारियां दी गईं। किशोरियों और युवाओं को भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के समर्थन में शामिल किया गया तथा ईट भट्ठा मौसमी प्रवासी परिवारों की महिलाओं को सही स्तनपान पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्तनपान के महत्व पर जागरूकता सत्र से हुई, जिसका संचालन मंगला राजभर द्वारा किया गया। इस सत्र में ईट भट्ठा प्रवासी परिवारों के युवाओं ने विशेष भागीदारी निभाई। उन्हें यह बताया गया कि परिवार के पुरुष और युवा माताओं को आराम और सहयोग देकर शिशु के स्वास्थ्य में अहम भूमिका निभा सकते हैं। धात्री माताओं को सही स्तनपान तकनीक, पौष्टिक आहार और पर्याप्त आराम के बारे में परामर्श दिया गया। कई माताओं ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे अन्य माताओं को आत्मविश्वास मिला। अभियान के दौरान सामुदायिक जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं और युवाओं ने खुली चर्चा की और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि जन्म के पहले घंटे में नवजात को स्तनपान कराना अनिवार्य है, पहले छह महीने तक शिशु को केवल स्तनपान देना चाहिए और माताओं के स्वास्थ्य तथा शिशु के पोषण के लिए परिवार का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। इस अभियान की विशेष उपलब्धि ईट भट्ठा प्रवासी परिवारों के युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने न केवल सत्रों में भाग लिया बल्कि माताओं के लिए सहयोगी वातावरण तैयार करने का संकल्प भी लिया। इससे समुदाय में यह संदेश गया कि स्तनपान केवल माँ की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे परिवार की साझा जिम्मेदारी है। इस कार्यक्रम में जनमित्र न्यास की ओर से चमेली देवी और संध्या ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
असवारी मुसहर बस्ती के अलावा दल्लीपुर, अनेई, हमीरापुर, बरहीकला, लाखापुर और कोइरीपुर सहित अन्य ईट भट्ठा मौसमी प्रवासी परिवारों के बीच भी स्तनपान सप्ताह अभियान संचालित किया जा रहा है।

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज