पुलिस के आश्वासन पर आधे घंटे बाद खुला मार्ग
पिंडरा (वाराणसी)।
थाना फूलपुर क्षेत्र के नयेपुर स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो जाने से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बाबतपुर–कठिराव मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब आधे घंटे में जाम समाप्त कराया गया।
जानकारी के अनुसार बीकापुर (बराई) निवासी विनोद राजभर का पुत्र पियूष राजभर (8 वर्ष) रविवार की भोर में पेट दर्द की शिकायत पर नयेपुर स्थित क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 11 बजे चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद बच्चे की हालत गंभीर हो गई। इसके बाद चिकित्सक उसे स्वयं अपनी कार से बाबतपुर स्थित एक नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद चिकित्सक द्वारा बसनी चौराहे पर शव को ऑटो रिक्शा से परिजनों के साथ घर भेज दिया गया, जिससे परिजन आक्रोशित हो उठे। चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों व ग्रामीणों ने दोपहर करीब डेढ़ बजे नयेपुर में चक्का जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही एसीपी प्रतीक कुमार, इंस्पेक्टर अतुल सिंह एवं चौकी प्रभारी कठिराव सत्यजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद लगभग आधे घंटे में आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस ने मृतक की मां संगीता देवी की तहरीर पर चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि मृतक के पिता विनोद राजभर मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। इकलौते पुत्र की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी बहन जाह्नवी मां को संभालती नजर आई। मृतक पियूष असवारी स्थित एक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था और वह अपने भाई-बहन में सबसे छोटा था।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज