वाराणसी कैंट स्टेशन पर बम की फर्जी सूचना देने वाला गिरफ्तार, जीआरपी ने बरामद किया मोबाइल

वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर बम ब्लास्ट की झूठी सूचना देकर यात्रियों में अफरा-तफरी फैलाने वाले आरोपी को जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान नासिर खान (43 वर्ष), निवासी चरन नगर कॉलोनी, नदेसर थाना कैंट, वाराणसी के रूप में हुई है।

क्या था पूरा मामला?
19 अगस्त को जीआरपी कंट्रोल रूम में फोन कर सूचना दी गई कि वाराणसी रेलवे स्टेशन पर बम ब्लास्ट हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन पर घंटों सघन चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। मामला फर्जी निकला और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 351 (4)/353 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

प्लेटफार्म नंबर-9 से हुआ गिरफ्तार
विवेचना और सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी की पहचान की गई। प्रभारी रजौले नागर ने बताया कि आरोपी प्लेटफार्म नंबर-9 के पूर्वी छोर पर काशी की तरफ रेलवे पटरी के पास पुनः अपराध करने की फिराक में बैठा था। दोपहर करीब 1:30 बजे दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से वह कीपैड मोबाइल भी बरामद किया, जिससे उसने झूठी सूचना दी थी।

रेलवे पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, लेकिन झूठी सूचना देने से बचें। इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Share the News