वाराणसी। पुलिस स्मृति दिवस 2025 के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा—
“पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा त्याग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से ओत-प्रोत रही है। अपने कर्तव्य पथ पर प्राणों की आहुति देने वाले हमारे शहीद पुलिसकर्मी सदा अमर रहेंगे। उनका साहस और देशभक्ति हमें सदैव प्रेरित करती रहेगी।”
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, महापौर वाराणसी अशोक कुमार तिवारी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश वाराणसी संजीव शुक्ला, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया, तथा अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा सहित वरिष्ठ पुलिस एवं न्यायिक अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने कहा कि—
“पुलिस का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण है। नागरिकों की सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने में अनेक पुलिसकर्मी प्रतिवर्ष अपने प्राणों की आहुति देते हैं। उनका बलिदान राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है।”
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि:
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा पर गश्त के दौरान चीनी सैनिकों के हमले में 10 वीर सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे। मातृभूमि की रक्षा में दिए गए इस बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को “पुलिस स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है।
श्रद्धांजलि और संकल्प:
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने 2 मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया और यह संकल्प लिया कि पुलिस बल सदैव नागरिकों की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और राष्ट्र की एकता व अखंडता की रक्षा के लिए समर्पित रहेगा।

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज