काल भैरव मंदिर में फर्जी VIP दर्शन सिंडीकेट का भंडाफोड़

कोतवाली पुलिस ने 10 दलालों को किया गिरफ्तार**

वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने काल भैरव मंदिर परिसर में सक्रिय फर्जी VIP दर्शन कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। श्रद्धालुओं से रुपये लेकर अवैध रूप से विशेष प्रवेश कराने वाले इस नेटवर्क से जुड़े 10 आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों को उस समय दबोचा, जब वे श्रद्धालुओं से पैसे लेकर फर्जी VIP दर्शन कराने का प्रयास कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनमें
सोनू कनौजिया (19),
रुद्र उर्फ विवेक (21),
संतोष कुमार (18),
साहिल मिश्रा (18),
रंजीत (36),
अभिषेक यादव (32),
विपिन शर्मा (18),
रोशन ठाकुर (19),
हर्ष सिंह (28)
और चन्द्रलोकीनाथ (35) शामिल हैं।
सभी आरोपियों को दोपहर करीब 2:20 बजे काल भैरव मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस सफल अभियान को उपनिरीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में कांस्टेबल विकेश कुमार, गोविंद सिंह और शिवाजी चंद की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली, धोखाधड़ी या किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे संगठित गिरोहों के विरुद्ध आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।


About The Author

Share the News