पिंडरा।
फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी बाजार में बुधवार की रात चखना विक्रेता को शराब उधारी में न दिलाने पर मनबढ़ों ने बुरी तरह मारपीट कर अधमरा कर दिया। घटना के विरोध में गुरुवार को दोपहर तक बाजार के व्यापारियों ने दुकानें बंद रखकर आक्रोश जताया।
जानकारी के अनुसार मंगारी बाजार निवासी विष्णु गुप्ता (26 वर्ष) देशी शराब की दुकान के पास चखना की दुकान चलाते हैं। बुधवार की रात लगभग सवा 10 बजे सात-आठ की संख्या में मुंह बांधे दबंग दुकान पर पहुंचे और विष्णु को जबरन खींचकर ईंट से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें बाबतपुर स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि विष्णु के सिर पर 30 से अधिक टांके लगे हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित परिवार की ओर से फूलपुर थाने में चार नामजद एवं चार अज्ञात के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, चार दिन पूर्व कुछ मनबढ़ युवक विष्णु पर ठेके से जबरदस्ती शराब दिलाने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर रंजिश रखते हुए आरोपितों ने इस घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज