वाराणसी।
शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव को लेकर पुलिस–व्यापारी समन्वय को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने व्यापारी बंधुओं के साथ एक संवादात्मक गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी का उद्देश्य व्यापारियों की जमीनी समस्याओं को समझना, उनके सुझावों को नीति निर्माण में शामिल करना तथा आपसी सहयोग से शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना रहा।
ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी का गठन
बैठक में जिला स्तर पर 11 व्यापारियों को शामिल करते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी के गठन के निर्देश दिए गए। यह कमेटी यातायात से जुड़ी समस्याओं पर सुझाव देगी और प्रत्येक माह बैठक कर सुधारात्मक उपायों पर चर्चा करेगी।
इसके साथ ही जाम-प्रभावित थानाक्षेत्रों में 5-5 व्यापारियों की स्थानीय कमेटियां गठित की जाएंगी, जो जाम के कारणों की पहचान कर समाधान सुझाएंगी।
साइबर अपराधों को लेकर सतर्कता की अपील
पुलिस आयुक्त ने व्यापारियों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग कॉल, फर्जी ऑनलाइन ऑर्डर, जॉब ऑफर, निवेश एवं लॉटरी फ्रॉड जैसी साइबर ठगी की घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल लेनदेन केवल सुरक्षित और प्रमाणित प्लेटफॉर्म से ही करें, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
सीसीटीवी, पार्किंग और सत्यापन पर विशेष जोर
- सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने एवं उन्हें सक्रिय रखने के निर्देश।
- सड़क पर अवैध पार्किंग न करने और ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग हेतु प्रेरित करने की अपील।
- कर्मचारियों की नियुक्ति से पूर्व पृष्ठभूमि जांच एवं पहचान सत्यापन कराने की सलाह।
- स्वर्ण एवं आभूषण व्यापारियों को संदिग्ध व्यक्तियों से खरीद-फरोख्त से बचने तथा दस्तावेजों की विधिवत जांच के निर्देश।
व्यापारियों के सुझावों पर भरोसा
गोष्ठी में व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं ज्ञापनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त ने उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जनसहयोग से वाराणसी को एक सुरक्षित, व्यवस्थित और भरोसेमंद शहर के रूप में विकसित करना है।

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज