पिंडरा। विकास खंड पिंडरा के मॉडल ग्राम रसूलपुर में विश्व टीबी दिवस के अवसर पर एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच को प्रोत्साहित करना तथा पूर्ण उपचार सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान कैलाश यादव द्वारा किया गया। उन्होंने ग्रामवासियों से टीबी मुक्त पंचायत बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रभारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा के चिकित्सा प्रभारी डॉ. संजीव द्विवेदी, एसटीएस जगदीश सिंह एवं एसटीएलएस सुजीत वर्मा ने टीबी से जुड़ी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारियाँ साझा कीं।
विशेषज्ञों ने बताया कि लगातार खांसी, वजन घटना, बुखार और कमजोरी जैसे लक्षण टीबी के संकेत हो सकते हैं। ऐसे में तुरंत जांच कराना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी की जांच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है तथा नियमित दवा सेवन से इस बीमारी का पूर्ण इलाज संभव है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को टीबी से जुड़े सामाजिक कलंक को समाप्त करने, मरीजों का सहयोग करने तथा संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सामुदायिक संवाद, जागरूकता संदेश एवं सहभागिता आधारित गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
यह आयोजन ग्राम रसूलपुर को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेगा।

More Stories
‘UGC का बाप’ लिखकर घूम रहे थे, कैंट पुलिस ने रिजल्ट कर दिया आउट
अप्रैल में मानसून जैसा मौसम! वाराणसी में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी, अलर्ट जारी
नाबालिग किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज